
कन्याकुमारी: – समर वैकेशन का पर्फेक्ट डेस्टिनेशन!!
कन्याकुमारी, भारत के सुदूर दक्षिण में स्थित एक बेहद ही खूबसूरत तटीय शहर है। दूर-दूर फैले समुद्र की विशाल लहरों के बीच सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा एक अदभुत एहसास कराती है। कन्याकुमारी में हिन्द महासागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर का मिलन होता है ।

शाम के वक्त हिंद महासागर के अनंत में सूर्यास्त होते देखना अविस्मरणीय एहसास है। रात में समुद्र तट के किनारे बैठ कर जल तरंगों की शोर को सुनने का अलग ही मजा है।
कन्याकुमारी के आस -पास के स्थान :- केरल इसके उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी इलाके में स्थित है जबकि तिरूनेलवेलि जिला इसके उत्तरी और पूर्वी भाग में स्थित है। केरल की राजधानी त्रिवेंद्रम यहाँ से 85 km. की दूरी पर है। कन्याकुमारी से त्रिवेंद्रम के लिए निरंतर बसें चलती हैं।

यहाँ से पास में ही दक्षिण ट्रैवेनकोर का भाग पड़ता है। जहाँ प्रसिद्ध चित्रकार राजा रवि वर्मा रहा करते थे। आप इस जगह आकर ट्रैवेनकोर के इतिहास को करीब से जान सकते हैं।
मुख्य आकर्षण :-

वैसे तो पूरा शहर ही खूबसूरत है। लेकिन प्रमुख तौर पर कुछ जगहें है जिसे अवश्य ही घूमना चाहिए जैसे, विवेकानंद राॅक मेमोरियल, आवर लेडी ऑफ रैनसम चर्च,थिरूवल्लूवर प्रतिमा,कन्याकुमारी मन्दिर,सूनामी स्मारक, उदयगिरी फोर्ट, ओलाकरुवी फॉल्स।
विवेकानंद राॅक मेमोरियल :- इस रॉक मेमोरियल का निर्माण 1970 में हुआ था। रॉक आइलैंड पर स्थित विवेकानंद रॉक मेमोरियल को स्वामी विवेकानंद के सम्मान में बनाया गया था। बड़ी संख्या में पर्यटक इसे देखने आते हैं। यहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित है।

स्वामी विवेकानंद इसी राॅक पर बैठकर साधना किया करते थे। यहाँ तक पहुंचने के लिए स्टीमर या नौका की सहायता लेनी पड़ती है। यदि आप स्मारक देखने के लिए बेहद उतावले हो रहे हैं तो स्टीमर को चुने। अन्यथा नाव का चुनाव करें। नाव की धीमी गति में आप मदहोश करने वाली हवा और खूबसूरत नजारों का आराम से लुत्फ उठाएँगें।

नौका में बैठकर या किनारे पर खड़े होकर मछलियों का दाना खिलाना भी अविस्मरणीय अनुभव देता है।
थिरूवल्लूवर प्रतिमा :- यह प्रतिमा कन्याकुमारी का प्रमुख चिन्ह स्थान है। यह पत्थर की बनी एक विशाल खड़ी प्रतिमा है।यह प्रसिद्ध सन्त और तमिल कवि थिरूवल्लूवर को समर्पित है।

थिरूवल्लूवर प्रतिमा की ऊँचाई लगभग 133 फीट है। यह प्रतिमा विवेकानंद राॅक मेमोरियल के बगल में है।
कन्याकुमारी कैसे पहुँचें :- कन्याकुमारी का सबसे निकटतम हवाई अड्डा त्रिवेंद्रम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है जो कन्याकुमारी से लगभग 70km की दूरी पर स्थित है।इसके अलावा कन्याकुमारी के लिए तमिलनाडु,चेन्नई,त्रिवेंद्रम और बैंगलोर से कन्याकुमारी रोड ट्रांसपोर्ट की कई बसें चलती हैं जिसके माध्यम से आप यहां पहुंच सकते हैं।

इसके साथ ही आप मुंबई और बैंगलोर से कन्याकुमारी एक्सप्रेस से भी यहां आ सकते हैं। कन्याकुमारी एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है और ये देश के लगभग सभी रेलवे स्टेशनों से जुड़ा हुआ है। यहां पहुंचने के बाद आप कन्याकुमारी शहर जाने के लिए टैक्सी या रिक्शा ले सकते हैं।
कब जायें :- यह एक समुद्र तटीय शहर है इसलिए मानसून का यहां काफी प्रभाव रहता है। इसलिए जून मध्य से सितंबर मध्य यहां घूमने के लिए उपयुक्त नहीं है।

इस शहर में आने का सबसे बढ़िया समय अक्टूबर से फरवरी के बीच का होता है और इस दौरान मौसम बहुत सुहावना होता है। जून से अगस्त के दौरान बारिश का समय होने के कारण यहाँ आने से बचना चाहिये।
कहाँ ठहरे :- कन्याकुमारी में काफी सारे गेस्ट हाऊस,होटल एवं लाज है। जहाँ 500 रूपये से लेकर 2000 तक के सुविधा अनुसार होटल ले सकते हैं। आप यहाँ के नजदीकी बाजार से समुद्री शंख एवं मोतियों के बने ज्वेलरी खरीद सकते हैं।
